पूर्व बर्दवान, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व बर्दवान जिले के पूर्वस्थली थाना अंतर्गत मधुपुर गांव में सोमवार शाम शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी और पिता पर भी धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने महिला के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित खुद भी घायल है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

मृत महिला की पहचान नूरजहां बीबी के रूप में हुई है। वह अपने पति किस्मत शेख, बेटे, बहू और नातियों के साथ पूर्वस्थली-(दो)ब्लॉक के निमदह पंचायत अंतर्गत मधुपुर इलाके में रहती थीं। परिवार के लोगों का आरोप है कि उनका बड़ा बेटा हसीबुल शेख लंबे समय से शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में झगड़ा करता था। इसी आदत से तंग आकर उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी, लेकिन इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
सोमवार शाम भी हसीबुल शेख शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी मां नूरजहां बीबी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर हसीबुल ने अपनी मां पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब उसके पिता किस्मत शेख लाठी लेकर बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपित बेटे ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में घर खून से लथपथ हो गया।
शोर सुनकर जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपित को रोकने की कोशिश की, तो वह उन्हें भी हथियार लेकर दौड़ाने लगा। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने उसे काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल नूरजहां बीबी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता किस्मत शेख की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
मृत महिला के दूसरे बेटे बागबुल शेख ने बताया कि हसीबुल शेख अक्सर मां से शराब के लिए पैसे मांगता था और किसी तरह का काम-धंधा नहीं करता था। परिवार का अनुमान है कि शराब के पैसे न मिलने और मां द्वारा खाना खाने की बात कहने को लेकर हुए विवाद के बाद यह खौफनाक वारदात हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
