मीरजापुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना क्षेत्र के बीजर कला गांव में आजादी के अमृत महोत्सव की स्मृति में लगाई गई ऐतिहासिक ग्रेनाइट पट्टिका शरारती तत्वों ने तोड डाली। यह पट्टिका करीब एक पखवाड़े से टूटी पड़ी है। इसे देखकर ग्रामीणों में नाराजगी और पीड़ा दोनों दिखाई दे रही है। हालांकि अब प्रशासन नयी पट्टिका लगाने की बात कह रहा है।

15 अगस्त 2023 को आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर लगाई गई यह पट्टिका गांव में खास महत्व रखती थी। यहां से गुजरने वाला हर व्यक्ति कुछ पल रुककर इसे निहारता और उस पर लिखे प्रेरणादायक शब्दों को पढ़कर देशभक्ति के भाव से भर उठता था। पट्टिका पर अंकित पंक्तियां — “जीवन का प्रत्येक दिन, प्रत्येक क्षण मातृभूमि के लिए जीना आजादी के दीवानों को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मातृभूमि की स्वतंत्रता और उसके गौरव की रक्षा के लिए बलिदान हुए वीरों को शत-शत नमन” — लोगों के मन को झंकृत कर देती थीं। लेकिन अब वही पट्टिका टूटी हालत में पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि देश के वीरों को समर्पित इस स्मृति चिह्न के साथ हुई यह घटना बेहद दुखद है।
ग्राम प्रधान रवि शंकर यादव ने बताया कि पट्टिका खुले स्थान पर लगाई गई थी, इसलिए उसकी सुरक्षा कर पाना मुश्किल हो गया। वहीं ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद कुमार ने कहा कि करीब पखवाड़े पहले किसी शरारती तत्व ने इसे क्षतिग्रस्त कर दिया है। जल्द ही नई पट्टिका बनवाकर उसी स्थान पर स्थापित की जाएगी। खंड विकास अधिकारी रामपाल ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर लगाई गई इस पट्टिका का विशेष महत्व है। शीघ्र ही नई पट्टिका का अनावरण कराया जाएगा।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
