बजरंगबली के चेहरे पर कालिख पोते जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

मंदिर के चबूतरे पर स्थापित नाग देवता की प्रतिमा में भी तोड़फोड़
हमीरपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र के ग्राम चकदहा में स्थित मंदिर में विराजमान बजरंगबली के चेहरे पर अराजक तत्वों द्वारा कालिख लगाने व चबूतरे में स्थापित नाग देवता की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने से ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को देखा और घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र मौदहा के ग्राम चकदहा में स्थित मंदिर में विराजमान बजरंगबली की प्रतिमा में कालिख लगी व पास ही चबूतरे में स्थापित नाग देवता की मूर्ति क्षतिग्रस्त देख शुक्रवार को भक्तों में आक्रोश पनपने लगा इसकी खबर गांव में फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर में जमा हो तरह-तरह के कयास लगने लगे। वहीं इस घटना की जानकारी होते ही कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने दल बल सहित मौके पर पहुंच बजरंगबली के चेहरे पर लगी कालिख पुछवा उसे पर पुनः सिंदूर चढ़ावाया। ग्रामीणों को समझा बुझा घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गांव की महिला मीराबाई ने बताया कि उसने बीती शाम मंदिर के पास एक विक्षिप्त व्यक्ति को टहलते देखा था जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उक्त मंदबुद्धि द्वारा ही इस कार्य को किया गया होगा, फिलहाल कोतवाली प्रभारी ने ग्राम प्रधान को मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
