भुवनेश्वर, 22 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी समाज के गौरव, मातृभूमि के परम भक्त, वीर स्वतंत्रता सेनानी और महात्मा गांधी के अनुयायी शहीद लक्ष्मण नायक की राज्यस्तरीय जयंती के अवसर पर शनिवार काे विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

22 नवंबर, 1899 को अविभाजित कोरापुट जिले के मालकानगिरी उपखंड के तेंतुलीगुम्मा गांव में जन्मे इस महान स्वतंत्रता सेनानी को आज पूरे राज्य में नमन किया गया।

ओडिशा विधानसभा के पास स्थित गेट नंबर–1 के समीप शनिवार सुबह शहीद लक्ष्मण नायक की प्रतिमा पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी तथा जंगल एवं पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, श्रम और राज्य कर्मचारी बीमा विभाग के मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके अलावा भुवनेश्वर के आदिवासी मैदान कालिंग अस्पताल चौराहा स्थित शहीद लक्ष्मण नायक की प्रतिमा पर अधिकारियों और शबरी सांस्कृतिक संसद के सदस्यों ने माल्यार्पण किया। पूरे आयोजन में शहीद नायक के त्याग, साहस और देशप्रेम को भावपूर्ण रूप से याद किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
