मोना पर जानलेवा हमले, आर्म्स एक्ट समेत 25 मुकदमें मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में दर्ज

मुरादाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस पुलिस ने शातिर बदमाश अमरदीप उर्फ मोना को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बुधवार काे बताया कि सिविल लाइंस के आदर्श कालोनी निवासी अमरदीप उर्फ मोना काफी समय से नशे की सामान की तस्करी करता है। वह वाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर ऑन डिमांड चरस की सप्लाई करता है। मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अमरदीप उर्फ मोना किसी को चरस की सप्लाई देने के लिए घर से निकला है। टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। सोनकपुर आरओबी के पास एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर पुल के नीचे ओर भाग निकला। पीछा करने पर आरोपित ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वहीं गिर गया। पुलिस टीम पास पहुंची तो आरोपित की पहचान अमरदीप उर्फ मोना के रूप में हुई। उसके पाास से 1 किलो 710 ग्राम चरस, दो जिंदा कारतूस आदि बरामद हुआ। आरोपी अमरदीप उर्फ मोना थाना का हिस्टीशीटर है। उसके खिलाफ जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट समेत 25 मुकदमें मुरादाबाद के साथ ही मेरठ और गाजियाबाद में दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायल बदमाश अमरदीप उर्फ मोना से पूछताछ की। एसपी सिटी ने बताया कि गुरुवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
