जम्मू, 16 फ़रवरी (हि.स.)।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में शिवसेना (यूबीटी) के कुनबे में आज उस समय बड़ी वृद्धि हुई जब एकनाथ शिंदे गुट के दर्जनों कद्दावर नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का दामन थाम लिया।

पार्टी के प्रदेश मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान शिंदे गुट के इन नेताओं ने
औपचारिक रूप से शिवसेना (यूबीटी) में प्रवेश किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से शिव बंधन व पार्टी निशान के साथ स्वागत किया।
मनीष साहनी ने कहा कि पार्टी पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे के कुशल नेतृत्व और पार्टी की मूल विचारधारा के प्रति अटूट आस्था के कारण ही इन नेताओं ने ‘घर वापसी’ की है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर शिवसेना (यूबीटी) जिस मजबूती से ‘भूमिपुत्रों’ (स्थानीय लोगों) के अधिकारों की आवाज बुलंद कर रही है यह उसी का परिणाम है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘शिवसेना जिंदाबाद’ और ‘उद्धव ठाकरे आगे बढ़ो’ के गगनभेदी नारों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। साहनी ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में अन्य दलों के कई और महत्वपूर्ण चेहरे भी ‘मशाल’ के झंडे तले आ सकते हैं जिससे पार्टी की स्थिति और अधिक मजबूत होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
