पौड़ी गढ़वाल, 10 मार्च (हि.स.)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत पातल में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ऊषा देवी ने अपने दिव्यांग बेटे का दिव्यांगता प्रमाण पत्र लंबे समय से न बन पाने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 18 मार्च को वाहन का इंतजाम करते हुए संबंधित चिकित्सीय प्रक्रिया पूर्ण कर नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करवाने के ताकि पात्र लाभार्थी को सरकार की योजना का लाभ मिल सके। प्रकाश चंद्र जदली ने सड़क किनारे स्थित पुश्ता (रिटेनिंग वॉल) के गिर जाने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
उन्होंने बताया कि पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से सड़क के आसपास कटाव बढ़ने का खतरा बना हुआ है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही भविष्य में दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के दृष्टिगत पुश्ता निर्माण कार्य 30 मार्च तक प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। शिविर में सोलर लाइट न होने की समस्या पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही सोलर लाइट स्वीकृत कर उरेडा अधिकारी को इसी सप्ताह तत्काल सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए। किसानों द्वारा कीवी हेतु कोल्ड स्टोरेज की मांग उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि इसके लिए क्षेत्र में उपलब्ध अनुपयोगी भवनों को चिन्हित किया जाएगा।
आवश्यकतानुसार उनके उपयोग हेतु प्रस्ताव तैयार कर धनराशि स्वीकृत करायी जाएगी, ताकि किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिल सके और उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके। शिविर में विभिन्न समस्याएं और मांगें भी सामने आईं। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के धन के गबन की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सेनी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
