
सारण, 29 जनवरी (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आज महत्वपूर्ण बैठक की। समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में मतदान केंद्रों के निर्धारण और निर्वाचक सूची पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में सुचारू मतदान के लिए कुल 20 मतदान केंद्रों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए सभी बूथ संबंधित प्रखंडों के अंचल मुख्यालयों में स्थापित किए जाएंगे। हालांकि छपरा सदर प्रखंड के लिए विशेष व्यवस्था के तहत समाहरणालय स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है। निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार प्रत्येक 1400 मतदाताओं पर एक बूथ का प्रावधान है। चूंकि सारण के किसी भी प्रखंड में मतदाताओं की संख्या इस सीमा से अधिक नहीं है, इसलिए कहीं भी सहायक मतदान केंद्र बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र मतदाता सूची अंतिम प्रकाशन के अनुसार सारण जिले में कुल 3,858 शिक्षक मतदाता हैं, जिनमें 3,107 पुरुष और 751 महिलाएं शामिल हैं। सर्वाधिक मतदाता छपरा सदर डीसीएलआर कार्यालय बूथ पर 1,037 मतदाता हैं, जबकि जिले में सबसे कम मतदाता मात्र 28 पानापुर प्रखंड में है।
बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों की सूची उपलब्ध कराई गई, जिस पर सभी ने अपनी सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल सहित भाजपा, राजद, जदयू, लोजपा आर और वामदलों के जिलाध्यक्ष व प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
