– माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कई बाेर्ड परीक्षा केंद्राें का किया निरीक्षण

संभल , 23 फ़रवरी (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने आज अपने गृह जनपद संभल में चंदौसी के अंतर्गत आने वाले एसएम इंटर कॉलेज और बीएमजी इंटर कॉलेज में हो रही बोर्ड परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने नकल माफियाओं को आगाह करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी जी की डंडे वाली सरकार है। ऐसी सजा मिलेगी कि पुरखे तक याद रखेंगे।

प्रदेश में इस समय माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। योगी सरकार इन परीक्षाओं को नकल विहीन संपन्न करा रही है। सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी अपने गृह जनपद में अपनी विधानसभा चंदौसी के अंतर्गत आने वाले एसएम इंटर कॉलेज और बीएमजी इंटर कॉलेज में आज हो रही बोर्ड परीक्षाओं का औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंची। इस दौरान मीडिया से वार्ता करते हुए माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नकल विहीन परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कोई खामी नहीं है लेकिन नकल माफियाओं को यह सोचना चाहिए कि यह योगी जी की सरकार है इसमें अगर जरा भी किसी ने हिम्मत की या जरा सोचा भी तो उनकी वो दशा होगी जो उनके पुरखे भी याद करेंगे। पुरखों से भी यह कह जाएंगे कि कभी भविष्य में नकल कराने की सोचना भी मत। योगी जी की सरकार में अगर कोई नकल करेगा तो ऐसे लोगों को आजीवन कारावास होगा एनएसए लगेगी और जेल में रहेगा।
नकल माफियाओं से जुडे़ सवाल पर उन्होंने कहा कि नकल माफिया दिखाई नहीं दे रहे हैं जैसे अराजक तत्व दिखाई नहीं दे रहे हैं । गुंडे दिखाई नहीं दे रहे हैं वैसे नकल माफिया पिछली बार कहां दिखाई दिए थे और इस बार भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। वह तो पता नहीं कौन से कोने में छुप गए हैं हमारी सरकार ढूंढ रही है कि ऐसे लोग कहीं दिखाई तो दे जाएं वह लोग दिखाई नहीं दे रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar
