रायपुर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। सिक्ख पंथ की सर्वोच्च संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी अपने एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। श्री धामी राज्य अल्पसंख्यक आयोग के कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे सिक्ख पंथ की गतिविधियों एवं विकासपरक योजनाओं पर चर्चा कर अपना मार्गदर्शन देंगे।

उनके जारी कार्यक्रम के अनुसार वे विमान द्वारा सुबह अमृतसर से रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे देवेंद्र नगर चौक पर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, समाजसेवी जगजीत सिंघ खनुजा, जी.एस. भाम्बरा, रावांभाठा के नवीनीकृत गुरुद्वारे के प्रभारी अजीत सिंग समेत सिख समाज द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा। स्वागत उपरांत वे होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में छत्तीसगढ़ की सभी गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी, सामाजिक संस्थानों के पदाधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ में चल रही सिक्ख समाज की गतिविधियों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वे बिलासपुर रोड पर रावांभाठा में निर्मित भव्य ऐतिहासिक गुरुद्वारे का उद्घाटन करेंगे।

इस पूरे कार्यक्रम में एसजीपीसी की धर्म प्रचार कमेटी के सचिव सरदार बलविंदर सिंह काहलवां और ओएसडी सतबीर सिंह, सिक्ख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंग भाटिया, राज्य अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंग छाबड़ा समेत सिक्ख समाज के गणमान्यजन व सभी गुरुद्वारों के प्रधान प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
