पटना, 04 फ़रवरी (हि.स.)। सारण जिला के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रघुपुर स्थित शिव मंदिर के समक्ष लगाए गए छोटे झंडा होर्डिंग को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने से इलाके में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलने पर गड़खा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 रामपुकार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में तोड़फोड़ की पुष्टि
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अज्ञात व्यक्तियों ने झंडा होर्डिंग को क्षतिग्रस्त किया, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति को तत्काल शांत करा लिया गया।
विधिसम्मत कार्रवाई जारी
इस मामले में गड़खा थाना में विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम
पुलिस के अनुसार क्षेत्र पूरी तरह शांतिपूर्ण है। एहतियात के तौर पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त
