कूचबिहार, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले के शीतलकुची में चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 2021 के चर्चित 2021 में हुए शीतलकुची गोलीबारी की घटना का मुद्दा उठाया। बुधवार को जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों और चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर भाजपा ने शीतलकुची में लोगों पर गोलियां चलवाई, जिसमें चार निर्दोष मतदाताओं की मौत हो गई थी।

उन्होंने कहा कि यह घटना आज भी लोगों के मन में ताजा है। अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लालच में गरीब और आम लोगों पर गोली चलाने जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि इस बार कूचबिहार की सभी नौ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। सभा में भारी भीड़ को लेकर उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह ही चुनाव परिणाम का संकेत दे रहा है।
उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस बार जनता वोट देकर उन्हें पूरी तरह नकार देगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए दावा किया कि आने वाले समय में शीतलकुची में भाजपा को ढूंढना भी मुश्किल हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
