– दो घंटे तक चला धरना

मीरजापुर, 29 जनवरी (हि.स.)। ड्रमंडगंज क्षेत्र के देवहट गांव निवासी श्रमिक की हत्या का अब तक खुलासा न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को थाने का घेराव कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने थाने परिसर में करीब दो घंटे तक धरना दिया और मामले का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि शव बरामद हुए दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
मृत श्रमिक छोटकऊ कोल के पुत्र पिंटू उर्फ रविन्द्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष के समझाने-बुझाने और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे बाद धरना समाप्त किया। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि देवहट गांव निवासी 56 वर्षीय श्रमिक छोटकऊ कोल 22 जनवरी की रात खेत में फसल की रखवाली के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। पांच दिन बाद 27 जनवरी को उनका शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर सजहवा बाउली जंगल के एक गड्ढे में दफन हालत में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बुधवार रात शव गांव पहुंचा, जहां ड्रमंडगंज पुलिस के साथ हलिया और लालगंज पुलिस की मौजूदगी में देर रात अंतिम संस्कार कराया गया। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
