श्रीनगर 14 मार्च (हि.स.)। शनिवार को श्रीनगर जिले के रेडियो कश्मीर इलाके के पास नाका चेकिंग ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी स्मार्ट सिटी बस की चपेट में आने से घायल हो गए।

एक अधिकारी ने बताया कि घायल अधिकारी की पहचान सशस्त्र रिजर्व पुलिस (एआरपी) के सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) अली मोहम्मद के रूप में हुई है जो कोठीबाग पुलिस स्टेशन में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि एएसआई रेडियो कश्मीर क्रॉसिंग के पास नाका ड्यूटी पर थे कि तभी एक स्मार्ट सिटी बस ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एएसआई को तुरंत इलाज के लिए श्रीनगर के श्री महाराजा हरि सिंह (एसएमएचएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता
