श्रीनगर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। शनिवार को श्रीनगर के गगरीबल इलाके के नेहरू पार्क में मत्स्य विभाग की एक इमारत में आग लग गई जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

अधिकारियों के अनुसार विभागीय इमारत में आग लगने से व्यस्त पार्क क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि समय पर कार्रवाई के बावजूद इमारत पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई और उसे बचाया नहीं जा सका।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है ताकि वह आसपास के प्रतिष्ठानों तक न फैले। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता
