भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने सभांग और जिला प्रभारियों की बैठक को किया संबोधित

भोपाल, 10 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संभाग एवं जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावों की तैयारी और बूथ स्तर तक कार्य विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निभाना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में संभाग और जिला प्रभारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक जिला प्रभारी को संभाग प्रभारियों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाकर संगठनात्मक कार्यों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।
नियमित प्रवास और रात्रि विश्राम के निर्देश
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि जिला प्रभारी सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने प्रभार वाले जिले में प्रवास करें और रात्रि विश्राम भी वहीं करें। इससे संगठनात्मक गतिविधियों की सतत समीक्षा और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद संभव होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी समय में लगातार चुनाव होंगे और संगठन तभी सुदृढ़ रहेगा, जब जिला और बूथ स्तर पर उसका नेटवर्क मजबूत होगा।
भाजपा चुनाव से नहीं, संगठन से जीतती है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के समय संगठन का फोकस जिले और विधानसभा क्षेत्र पर होता है। बूथ से लेकर जिले तक संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की समर्पित कार्यशैली, अनुशासन और समन्वय से भाजपा आगामी चुनावों में पुनः सफलता प्राप्त करेगी।
डबल इंजन सरकार से विकास को मिली रफ्तार
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जिला प्रभारियों की अहम भूमिका है। सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर स्थानीय समस्याओं का समाधान करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
संगठन की मजबूती का आधार स्पष्ट कार्य विभाजन – अजय जामवाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि किसी भी दायित्व को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए उसकी स्पष्टता जरूरी है। जिला प्रभारी को अपने जिले की भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक स्थिति का गहन अध्ययन कर निरंतर प्रवास के माध्यम से संगठन को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार स्पष्ट कार्य विभाजन है। मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय होनी चाहिए, ताकि संगठन निरंतर सक्रिय और परिणामोन्मुख बना रहे।
‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ पर फोकस
अजय जामवाल ने कहा कि आगामी चुनाव जिला प्रभारियों की देखरेख में लड़े जाएंगे। संगठन को समाज के हर वर्ग से जोड़ना आवश्यक है। “मेरा बूथ सबसे मजबूत” केवल नारा नहीं, बल्कि भाजपा की रणनीति है। केंद्र और राज्य की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाकर उन्हें संगठन से जोड़ना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत–2047” के लक्ष्य को साकार करने के लिए संगठन को अधिक अनुशासित, संवादशील और समरस बनाने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों को संगठनात्मक विमर्श का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया। बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी और गौरव रणदिवे मंचासीन रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
