जौनपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशन में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानन्द झा ने की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम शिवापार निवासी अमरनाथ यादव ने सीमांकन के बाद मेड़ निर्माण में अवरोध की शिकायत दर्ज कराई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम बेलापार से चकमार्ग की पैमाइश और ग्राम सुल्तानपुर निवासी दरवेश अली द्वारा सीमांकन की मांग पर भी तहसीलदार को मौके पर जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कुल 71 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजे गए।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथी, होम्योपैथी एवं आयुर्वेद चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जहां लोगों को निःशुल्क परामर्श और दवाइयां वितरित की गईं।कार्यक्रम में तहसीलदार समेत अन्य जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनपद की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
