पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च (हि.स.)। लौहनगरी के एग्रिको क्षेत्र में सामाजिक संस्था लोक समर्पण की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह रंगों और उत्साह से सराबोर रहा। संस्था के अध्यक्ष ललित दास के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शहर की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए।

इसके अलावा जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शैलेश सिंह और टाटा मोटर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
फगुआ गीतों की मधुर धुन पर अतिथियों और संस्था सदस्यों ने जमकर नृत्य किया। रंगों की बौछार के बीच वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया। उपस्थित लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेते हुए प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश साझा किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ललित दास ने कहा कि होली का पर्व समाज को जोड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम इस दिन सभी भेदभाव भुलाकर गले मिलते हैं, उसी भावना को पूरे वर्ष बनाए रखने की जरूरत है।
समारोह में चंद्रशेखर मिश्रा, देवेंद्र सिंह, गुंजन यादव, योगेश मल्होत्रा, कल्याणी शरण, पत्रकार जय प्रकाश राय, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, बबुआ सिंह, संजीव सिंह, अनिल मोदी, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, टुनटुन सिंह सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
