

इंदौर, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि सक्षम कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन की आधारशिला हैं। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से देशभर में लगभग 80 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो पार्टी की ताकत को और मजबूत करेंगे।

शिवप्रकाश जी मंगलवार को इंदौर के गुजराती इनोवेटिव कालेज में पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत विषय वक्ता कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य इसके स्लोगन ‘सक्षम कार्यकर्ता-सशक्त संगठन’ में ही स्पष्ट होता है। यदि संगठन को सशक्त बनाना है तो कार्यकर्ताओं को सक्षम बनाना होगा और कार्यकर्ता तब सक्षम बनता है, जब वह प्रशिक्षित होता है।
उन्होंने कहा कि हमें यह भी समझना होगा कि प्रशिक्षण क्या है और उसका वास्तविक अर्थ क्या है। पार्टी में हम विभिन्न प्रकार की बैठकें, कार्यक्रम, धरना-प्रदर्शन और रैलियों का आयोजन करते हैं, लेकिन प्रशिक्षण वर्ग में मूलभूत अंतर हैं। जब हम इनका अध्ययन करते हैं तो स्पष्ट होता है कि रैली, बैठक, कार्यक्रम और धरना-प्रदर्शन जैसे आयोजन समाज को जोड़ने के उद्देश्य से होते हैं और ये समाज केंद्रित कार्यक्रम होते हैं, जबकि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के बौद्धिक और संगठनात्मक विकास के लिए आयोजित किए जाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक पद्धति और कार्यशैली को गहराई से समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होता है।
शिवप्रकाश ने कहा कि आज मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित तीसरी और अंतिम वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक प्रशिक्षण अभियान की तैयारियों के लिए पिछले तीन से चार महीनों से पार्टी की केंद्रीय टीम ने निरंतर मेहनत की है, ताकि यह कार्यक्रम न केवल प्रभावी बल्कि सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली में प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ किया था, इसे महाअभियान इसलिए कहा गया है क्योंकि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि हर स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को सशक्त किया जा सके और पार्टी संगठन को मज़बूती प्रदान की जा सके। इस व्यापक और महत्वाकांक्षी अभियान के तहत देशभर में लगभग 80 लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, कार्यपद्धति, संगठनात्मक नीतियां और जनसंपर्क के महत्वपूर्ण आयामों पर गहन जानकारी दी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कार्यकर्ता समाज में प्रभावी ढंग से कार्य करें और संगठन को और भी सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। यह महाअभियान सिर्फ प्रशिक्षण का एक सामान्य कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, विचारधारा की मजबूती और समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह एक ऐतिहासिक पहल है जो भारतीय जनता पार्टी के भविष्य को दिशा और बल प्रदान करेगी।
प्रशिक्षण से संगठन को शक्ति और दिशा मिलती है- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने के लिए आते हैं, तो वे नए उत्साह और ऊर्जा से भरे होते हैं, और प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उनका यह उत्साह और भी दोगुना हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और आत्मा है और इसी माध्यम से हम न केवल पार्टी को सशक्त बना रहे हैं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को भी मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं। जब वे मंडल स्तर पर प्रशिक्षण देने जाएं, तो वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखें। हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की भावना को साकार करना है और यही भाजपा का सबसे बड़ा उद्देश्य है। प्रशिक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सबसे निचले स्तर तक पहुंचे, ताकि समाज के हर वर्ग को सही दिशा और सहायता मिल सके।
कार्यशाला को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भी संबोधित किया। गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी केसी पटेल, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, संभाग प्रभारी विजय दुबे एवं डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव मंचासीन रहे। मंच का संचालन पार्टी के प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत ने किया एवं आभार पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने व्यक्त किया। कार्यशाला में इंदौर, निमाड़, उज्जैन एवं मंदसौर संभाग के विषय वक्तागण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
