पूर्वी सिंहभूम, 15 मार्च (हि.स.)। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब बच्चे का शव परिजनों को सौंपा गया तो वे सीधे बर्मामाइंस स्थित खालसा स्कूल के बाहर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोपित कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार बर्मामाइंस के स्टार टॉकीज इलाके में रहने वाला करीब चार वर्षीय आरुष शनिवार को अपने परिजनों के साथ खालसा स्कूल आया था। बताया जाता है कि वह अपने बड़े भाई को स्कूल से लेने के लिए अपनी दादी के साथ स्कूल के पास पहुंचा था। इसी दौरान वह स्कूल के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आई एक अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में आरुष गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब आरुष का शव परिजनों को सौंपा गया तो वे गम और आक्रोश में सीधे खालसा स्कूल के बाहर पहुंचे। वहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने कहा कि जब तक दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी के आश्वासन पर जाम हटा।
इससे सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपित चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
