उरई, 10 फ़रवरी (हि.स.)। चुर्खी थाना क्षेत्र में साेमवार देर रात काे एक वैवाहिक कार्यक्रम से लाैट रहे बाइक सवार किसान काे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार की माैत हाे गई। पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

चुर्खी थाना क्षेत्र के बम्हौरा गांव निवासी किसान रामदेव सिंह (55) सोमवार देर रात बाइक से अटरिया में आयाेजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हाेकर घर लौट रहे थे। चुर्खी-मुसमरिया मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामदेव की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थाना प्रभारी शिव शंकर ने बताया कि छोटे भाई महेंद्र सिंह का कहना है कि बड़े भाई रामदेव खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी रामसुखी और तीन बेटे हैं। रात में वह एक वैवाहिक कार्यक्रम से लाैट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
