पश्चिम मेदिनीपुर, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले के घाटाल थाना अंतर्गत मनशुका माधवचक निवासी एक व्यवसायी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान पलाश दोलुई (50) के रूप में हुई है। बताया गया है कि पलाश मूल रूप से माधवपुर के निवासी थे, किंतु वर्तमान में वह कुशपाता स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर रह रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, पलाश घाटाल शहर के न्यू मार्केट स्थित साधुपाल बिल्डिंग में बिजली के सामान की दुकान थी। सोमवार रात लगभग 9:40 बजे वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे, तभी 12 हाथ काली मंदिर के समीप घाटाल-मेचोग्राम मार्ग पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल घाटाल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
