जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्कर में आयोजित शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ को सनातन संस्कृति को सुदृढ़ करने वाला बताते हुए कहा कि यह महायज्ञ केवल पुष्कर, राजस्थान या भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से युवा पीढ़ी को भी सनातन संस्कृति की अनुभूति होती है और राष्ट्र निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पर ब्रह्मा, गायत्री, सावित्री और संतों की कृपा है। ऐसे पुण्य कार्यों से हम और अधिक मजबूत होंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पुष्कर से उठने वाला यह संदेश पूरी दुनिया में शांति और सद्भाव का प्रसार करेगा।
बुधवार शाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुष्कर में चल रहे शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में सपरिवार पूजा एवं प्रदक्षिणा करने पहुंचे। उन्होंने विप्र फाउंडेशन और श्री प्रखर परोपकार मिशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित धर्मसभा को भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री, उनकी धर्मपत्नी गीता देवी और सुपुत्र अभिषेक शर्मा ने प्रखर जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। धर्मसभा व प्रदक्षिणा कार्यक्रम में स्वामी राघवाचार्य जी महाराज (अयोध्या) सहित अनेक संत-महात्मा एवं प्रमुख जन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक शत्रुघ्न गौतम, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, विप्र फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा, राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.एन. श्रीमाली, नगर पालिका पुष्कर के अध्यक्ष कमल कुमार पाठक सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माता चिदानंदमयी, मुख्य यजमान नरेन्द्र शर्मा, विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा एवं नरेंद्र हर्ष, राष्ट्रीय महामंत्री पवन पारीक एवं के.के. शर्मा, संरक्षक दीपक पारीक, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा तथा आयोजन समिति से जुड़े अशोक जोशी (इंदौर), नवीन शर्मा, प्यारेलाल शर्मा, अशोक पारीक, रमेश मावावाले, अजय पारीक, पीयूष पंडित, मुकेश काका, अविनाश दूबे सहित पुष्कर पुरोहित संघ के पदाधिकारी एवं अजमेर जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
इससे पूर्व महायज्ञ स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने गायत्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर यज्ञ नारायण भगवान की प्रदक्षिणा की। इस दौरान यजमानों ने पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के दर्शन एवं महायज्ञ की प्रदक्षिणा के लिए उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुष्कर पहुंचे। हेलीपैड पर आगमन के समय भी विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
