बरेली, 02 फरवरी (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित गरगईया गांव में सोमवार सुबह समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मोहम्मद यूनुस उर्फ डब्लू अंसारी के मकान और उनके हाईवे किनारे स्थित फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लग गई। घटना के समय परिवार घर में था, लेकिन आग की लपटें उठती देख सभी सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी तरह अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही देर में शोरूम भी इसकी चपेट में आ गया। शोरूम में रखा लाखों रुपये का फोम, सोफा, बेड, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर जलकर राख हो गए। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। आसपास के लोग और ग्रामीण भी आग बुझाने में मददगार रहे। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी दिखाई दे रही है, लेकिन पूरी जांच जारी है। पुलिस और फायर विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। —————–
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
