मीरजापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। ड्रमंडगंज क्षेत्र के बंजारी कलां गांव में मंगलवार सुबह एक महिला को घर के भीतर ही जहरीले सांप ने डस लिया। उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

बंजारी कलां निवासी रामनरेश की पत्नी मीरा (35) सुबह खाना बनाने के लिए टोकरी में रखी सब्जी काटने जा रही थी। इसी दौरान टोकरी के पास छिपे करैत सांप ने उसके दाहिने हाथ में डस लिया। घटना के बाद महिला ने परिजन को जानकारी दी, जिस पर घर में तलाश करने पर करैत प्रजाति का सांप मिला।
परिजन पहले महिला को झाड़-फूंक के लिए छतरिहा गांव ले गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया लाया गया। यहां डॉक्टर आलोक सिंह यादव और डॉ. रीना सिंह ने प्राथमिक उपचार कर एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
एलएस एंबुलेंस से महिला को मंडलीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब सात बजे उसकी मौत हो गई।
चिकित्सकों का कहना है कि सर्पदंश के मामलों में समय पर सही इलाज बेहद जरूरी है, झाड़-फूंक में देरी जानलेवा साबित हो सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
