देवघर, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार ने की। इस दौरान जिले के सभी थाना प्रभारी और वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थेे। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन थाैर कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

वहीं बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी सौरभ कुमार ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सेवा देवघर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा रही है और पुराने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें। साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक थाना को 10 सक्रिय साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और आवश्यक होने पर संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया अपनाने को कहा गया है।
इसके अलावा पुराने अपराधियों की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए उन्हें ए, बी और सी श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। ए श्रेणी के अपराधियों का 07 दिनों के भीतर, बी श्रेणी का 15 दिनों के भीतर और सी श्रेणी के अपराधियों का एक महीने के अंदर फिजिकल वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से अनुसंधान नियंत्रण, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण जैसे चार प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस का फोकस सिर्फ मामलों के निष्पादन पर नहीं, बल्कि पॉजिटिव इन्वेस्टिगेशन पर भी है, ताकि अभियुक्तों को न्यायालय से अधिकतम सजा दिलाई जा सके। अपराध नियंत्रण के तहत पिछले 05 वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है और उनके खिलाफ सीसीए व बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं 08 साइबर अपराधियों के खिलाफ संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया न्यायालय में चल रही है। विधि-व्यवस्था को लेकर एसपी ने कहा कि सावन माह को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण और सुगम तरीके से संपन्न कराया जा सके। साथ ही पासपोर्ट, कैरेक्टर सर्टिफिकेट और हेल्प डेस्क जैसी सेवाओं में भी सुधार हुआ है, जिससे आम लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देवघर पुलिस का मुख्य उद्देश्य बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सुरक्षा का एहसास हो और वे पुलिस की कार्यप्रणाली से संतुष्ट रहें। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी सहित वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy
