बिजनौर, 07 मार्च (हि स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने नगीना में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम व अस्पतालों के खिलाफ मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शनिवार को समाधान दिवस के अवसर पर मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल जांच कराते हुए नगीना सीएचसी में तैनात नोडल अधिकारी के कार्यकाल की अवधि की आख्या भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नगीना तहसील में समाधान दिवस शिकायत सुन रहीं थीं। उन्होंने शाइनिंग हाॅकी क्लब नगीना द्वारा स्थानीय एम एम इंटर कॉलेज के खेल का मैदान गहराई में होने की वजह से पानी भरने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके भराव के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन का उद्देश्य है कि एक ही स्थान पर जिला स्तरीय समस्याओं का निस्तारण उपस्थित अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही निस्तारित करने का प्रयास किया जाए। यदि किसी कारणवश यह संभव नहीं है तो पूर्ण गुणवत्ता के साथ एक सप्ताह में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन की स्पष्ट मन्शा है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस सहित जनसामान्य की शिकायतों का गुणवतापरक निस्तारण किया जाए ताकि उन्हें राहत मिले।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण के प्रति उत्तर प्रदेश सरकार अति संवेदनशील एवं गंभीर है। उच्च स्तर से शिकायतों की गुणवत्ता की सीधे जांच की जाती है, अतः सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
आज तहसील दिवस के मौके पर कुल 25 शिकायतें दर्ज की गयीं। चार शिकायतों का मौके पर ही विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निराकरण करा दिया गया। शेष के गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विजय शंकर, उप जिलाधिकारी न्यायिक आशुतोष जायसवाल, तहसीलदार अमरपाल सहित अन्य सभी विभागों के जिला स्तरीय एवं स्थानीय अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
