रांची, 12 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची समाहरणालय रांची में गुरुवार काे आम लाेगाें की

सुविधा के लिए पांच नया आधुनिक लिफ्ट लगाया गया। लिफ्ट का उदघाटन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया।समाहरणालय के ब्लॉक-ए में दो और ब्लॉक-बी में तीन लिफ्ट
लगाए गए हैं।
माैके पर उपायुक्त ने बताया कि समाहरणालय में स्थापित ये सभी लिफ्ट आधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनमें सेल्फ रेस्क्यू प्रणाली की सुविधा दी गई है, जिसके तहत अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लिफ्ट स्वतः निकटतम फ्लोर तक पहुंच जाएगी, ताकि अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में आधुनिक लिफ्ट सुविधा शुरू होने से लोगों को अलग-अलग तलों पर स्थित कार्यालयों तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय सभागार के नवीनीकरण के बाद उसका निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लिफ्ट के नियमित रख-रखाव और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
दिया।
बताया गया कि समाहरणालय परिसर में तीन और लिफ्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
