



रांची, 26 जनवरी (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि हम सभी एक समृद्ध, खुशहाल और सशक्त झारखण्ड का निर्माण करने के लिए एकजुट होकर प्रयत्न करने का संकल्प लें।

राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए अपने राष्ट्र और अपनी संप्रभुता का गौरवगान करने का दिन है। आज स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग और बलिदान से हमें आजादी दिलाई और इस गौरवशाली गणतंत्र का निर्माण किया।
उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रगतिशील सोच के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ना हमारा लक्ष्य है। जनता की सहभागिता एवं रचनात्मक सहयोग से हम झारखंड के नव-निर्माण के रास्ते में आने वाली हर चुनौती का सामना करने में सक्षम होंगे, ऐसा मेरा विश्वास है।
उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रगतिशील सोच के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ें। हमारा लक्ष्य जनता की सहभागिता एवं रचनात्मक सहयोग से झारखंड के नव-निर्माण को आगे बढ़ाना है। तभी हम इसके रास्ते में आने वाली हर चुनौती का सामना करने में सक्षम होंगे। इस अवसर पर हम सभी एक समृद्ध, खुशहाल और सशक्त झारखण्ड का निर्माण करने के लिए एकजुट होकर प्रयत्न करने का संकल्प लें।
राज्यपाल ने कहा कि भारत के लोगों ने अपना संविधान स्वयं बनाया और उसे अधिनियमित और आत्मार्पित किया। भारत के सुनहरे भविष्य की आधारशिला 26 जनवरी, 1950 को हमारे संविधान को लागू करने के साथ ही रख दी गयी थी। हमारा संविधान अतीत के अनुभवों, वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रख कर बनाया गया। यह दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। 76 वर्षों का यह सफर बताता है कि हम एक सफलतम् लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना से प्रेरित हमारा संविधान एक पवित्र दस्तावेज है। इसे एक ऐसे राष्ट्र के नागरिकों ने तैयार किया है जिनकी भावनाओं के मूल में विश्व-बंधुत्व और मानव कल्याण की सोच है।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। राज्य में अवसरों की कोई कमी नहीं है। चाहे आधारभूत संरचना में निवेश की बात हो,ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने की बात हो,उद्योग-धंधों में नवाचार की बात हो, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार का कार्य हो अथवा कृषि के क्षेत्र में नये सुधारों को लागू करने की बात हो, आज हर क्षेत्र में नये अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। झारखंड अपने खनिज संसाधनों के कारण ‘रत्नगर्भा’ कहलाता है। यह धरती न केवल सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान दे रही है, बल्कि राष्ट्र को नई दिशा भी प्रदान कर रही है।
इस मौके पर राज्यपाल ने राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजना और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए किए जा रहे कार्यों की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि राज्य में पेसा नियमावली लागू कर दिया गया है, जो जनजातियों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह माताओं, बहनों, बेटियों के सम्मान, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुरक्षा के लिए सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। वर्तमान में इस योजना के तहत 51 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में करीब तीन लाख सखी मंडल का गठन किया जा चुका है। इन सखी मंडलों को 466 करोड़ रुपये चक्रीय निधि के रूप में एवं 2300 करोड़ रुपये सामुदायिक निवेश निधि के रूप में उपलब्ध कराया जा चुका है। राज्य सरकार की ओर से सरकारी क्षेत्र में उपलब्ध रिक्तियों को तेजी से भरने की काम किया जा रहा है। नेतरहाट आवासीय विद्यालय के तर्ज पर तीन नए विद्यालय पश्चिम सिंहभूम, बोकारो एवं दुमका में प्रारंभ करने की स्वीकृति की बात करते हुए कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अफसर को देखते हुए 803 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा की शुरुआत की गई है।
राज्यपाल ने कहा कि गुरु जी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आने वाली आर्थिक बाधाओं को दूर किया जा रहा है। राज्यपाल ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से सुपर स्पेशलिटी रिम्स टू का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा पीपीपी मोड पर छह नए मेडिकल कॉलेज पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा एवं धनबाद में निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गणतंत्र दिवस पर पुलिस पदाधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए झारखंड राज्यपाल पदक से सम्मानित किया।
ये पुलिस अधिकारी हुए सम्मानित
-आईपीएस प्रभात कुमार,आईजी विशेष शाखा-आईपीएस अश्विनी कुमार सिन्हा,डीआईजी संचार एवं तकनीकी सेवाएं झारखंड-इंस्पेक्टर असीत कुमार मोदी, रांची जिला-दारोगा गणेश चंद्र पान, झारखंड जगुआर-एएसआई श्याम कुमार, देवघर जिला बल-एएसआई नौशाद अली, बोकारो जिला बल-सिपाही सचिन सुब्बा, झारखंड जगुआर-सिपाही राजू कुमार छेत्री, झारखंड जगुआर
————–
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
