संभल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल की गुन्नौर तहसील क्षेत्र में 350 बीघा सरकारी ज़मीन कब्ज़ा करने के मामले में मंगलवार को पिता-पुत्र समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

गन्नौर थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि गुन्नौर तहसील क्षेत्र में ग्राम होतमगढ़ी में कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी नामों से करीब 350 बीघा सरकारी व निजी भूमि को अवैध रूप से कुछ लोगों के द्वारा अपने नाम कराने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले में शिकायतकर्ता सुगढ़पाल की ओर से पुलिस अधीक्षक व तत्कालीन एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा को प्रार्थनापत्र देकर जमीन से संबंधित फर्जीवाड़े के साक्ष्य उपलब्ध कराए गये थे।

आरोपी पक्ष ने राजस्व व चकबंदी विभाग के कुछ कर्मचारियों से मिलीभगत कर ऐसे व्यक्तियों के नाम जमीन दर्ज करा दी, जो न तो गांव के निवासी हैं और न ही जिनका उस भूमि से कोई वास्तविक संबंध है। आरोप है कि वर्षों से अवैध खनन और जमीन की ऊंच-नीच कर खेती को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे शिकायतकर्ता को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
प्रकरण में एसपी के आदेश पर धर्मपाल, उसके पुत्र विकास, प्रेमलता, अनुराधा, रश्मि व अन्य अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है। इसके साथ ही सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धाराएं भी लगाई गई हैं।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar
