गिरवी रखे जेवरों को हड़पने की सराफा के खिलाफ लिखी गई थी रिपोर्टहमीरपुर, 16 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर शहर के सर्राफा कारोबारी भाइयों के खिलाफ गिरवी रखे गए सोने के गहनों को वापस न करने पर दर्ज की गई एफआईआर के सोलह दिन बाद छोटे भाई ने तनाव के चलते चूहा मार दवा खाली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल ले गए,जहां डॉक्टरों द्वारा उसे कानपुर रेफर किया गया है।

परिजनों ने सोमवार को एफआईआर दर्ज करने वाले पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उधर जहर खाने से पूर्व सर्राफा काराेबारी का बनाया वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिससे चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया कराया है। शहर के सुनराही गली आर्य समाज मंदिर निवासी प्रियांशु गुप्ता उर्फ राजा बाबू की तहरीर पर 30 जनवरी को ग्वालटोली मोहल्ला निवासी सर्राफा कारोबारी सुरेंद्र कुमार सोनी और इसके भाई राजेंद्र कुमार सोनी के विरुद्ध गंभीर धोखाधड़ी से संबंधित बीएसएन की धारा 318 (4) और आपराधिक विश्वास की धारा 316 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रियांशु का आरोप था कि उसने अपनी पारिवारिक व आर्थिक आवश्यकता के कारण सर्राफा भाइयों से विभिन्न तिथियों में धनराशि उधार ली,जिसके एवज में उसने अपनी मां उर्मिला गुप्ता और भाभी प्रीति गुप्ता के सभी सोने के आभूषण बिना दोनों की अनुमति लिए गिरवी रख दिए थे। इस पूरे प्रकरण में प्रियांशु को मोटी रकम मिली भी थी।

सीओ सदर राजेश कमल ने सोमवार को बताया कि ज्वेलर्स सुरेन्द्र सोनी व प्रियांशु गुप्ता के बीच लेन देने का विवाद चल रहा है। जिसमें ज्वेलर्स ने जहर पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। उसे इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट के बाद से तनाव में जी रहा था परिवारएफआईआर के बाद से दोनों सर्राफा भाई तनाव ग्रस्त थे। जिसके चलते सुरेंद्र सोनी ने अपने ही घर में चूहा मार दवा खा ली। थोड़ी ही देर में सुरेंद्र की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल भागे,जहां सुरेंद्र ने चूहा मार दवा खाने की बात कही। इसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र को कानपुर रेफर कर दिया गया है। सुरेंद्र के परिजनों का आरोप है कि प्रियांशु गुप्ता लगातार कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। ब्लैकमेल पर उतारू हो गया था। आए दिन लखनऊ जाकर आत्महत्या करके फसाने की धमकी दे रहा था। इससे आहत होकर सुरेंद्र ने जहर खा लिया। पीड़ित परिवार अब एफआईआर दर्ज करने वाले पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
वीडियो बनाकर खाया जहर, चार को ठहराया जिम्मेदारसर्राफा व्यवसाय सुरेंद्र कुमार सोनी ने चूहा मार दवा खाने से पहले 8 मिनट 17 सेकंड का लंबा वीडियो भी बनाया। वायरल वीडियो में सुरेंद्र ने अपने ऊपर हुए मुकदमे की सफाई देते हुए कहा कि उसने ज्वेलरी खरीदी थी। जिसकी पूरी रकम अदा कर चुका है,लेकिन प्रियांशु गुप्ता ने कोतवाली में क्राइम इंस्पेक्टर डीके मिश्रा को 2 लाख रुपये की रिश्वत देकर मुकदमा लिखवाया और उसी के साथ मिलकर दबाव बना रहा था। सुरेंद्र ने इसके लिए प्रियांशु उसके परिवार के सदस्यों और क्राइम इंस्पेक्टर को जिम्मेदार ठहराया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
