सूरजपुर, 16 मार्च (हि.स.)। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

राष्ट्रीय से जिला स्तर तक अभियान
महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा यह विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इसके बाद राज्य स्तर पर इसकी शुरुआत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने की। इसी क्रम में 16 मार्च से सूरजपुर जिले में भी यह अभियान प्रारंभ हो गया है।
जिला चिकित्सालय स्थित 100 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु अस्पताल के टीकाकरण कक्ष में प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत नहीं, बल्कि एक विशेष राष्ट्रीय अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को गार्डासिल क्वाड्रिवैलेंट एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी, जिसे सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी माना जाता है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय मरकाम, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रियंका पटेल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आरआरएस सिंह, उपेंद्र सिंह, सतेंद्र खुटे, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कुसुम, विमला स्वामी, मंजू, ममता, मीडिया प्रभारी संदीप गुप्ता सहित मितानिन बहनें उपस्थित रहीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर लाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
