पलामू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पत्नी को इंटर परीक्षा दिलाकर ससुराल आए युवक की गला दबाकर हत्या करने का मामला शनिवार को प्रकाश में आया है। युवक का निवस्त्र शव जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ाबार-सिंगरा मुख्य मार्ग पर चेड़ाबार गांव के कोयल नदी से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है।

युवक की पहचान नावाबाजार थाना क्षेत्र के करचा गांव निवासी योगेंद्र सिंह (24) के रूप में हुई हैं। उसका ससुराल चैनपुर के चेड़ाबार में है। उसकी दो साल पूूूर्व शादी हुई थी। उसका दो महीने का एक बच्चा भी है।

परिजनों के अनुसार योगेंद्र पत्नी को परीक्षा दिलाने के बाद बच्चा का दिन बनने पर उसे और पत्नी को लेकर शुक्रवार को ससुराल आया था। रात में घर से बाहर गया था। समय ज्याद हो जाने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कुछ अता पता नहीं चला। शनिवार को ग्रामीणों ने उसका शव ससुराल के समीप कोयल नदी में झाड़ी के बीच देखा और जानकारी दी। उसके गले पर दबाने के निशान मिले हैं।
सूचना मिलने पर चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर छानबीन में जुट गए।
इधर, घटना के बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया लगा रहा है कि युवक के साथ मारपीट कर गला दबाकर हत्या की गयी है। मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन देने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
