नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. साहिब सिंह वर्मा की जयंती के अवसर पर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने रविवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के विकास और ‘दिल्ली देहात’ की बेहतरी के लिए साहिब सिंह वर्मा के योगदान को याद करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

योगेंद्र चंदोलिया ने डॉ. साहिब सिंह वर्मा को ‘धरती पुत्र’ और ‘विकास पुरुष’ बताते हुए कहा कि उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में श्रम मंत्री के रूप में गरीबों, मजदूरों और किसानों की आवाज को बुलंद किया था। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री के रूप में अपने पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया था लेकिन उनके बाद दिल्ली के विकास कार्यों पर विराम लग गया था।
सांसद चंदोलिया ने डॉ. वर्मा के एक अधूरे सपने का जिक्र करते हुए कहा कि घेवरा के पास एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने की योजना थी जिसके लिए जमीन भी अधिग्रहित की गई थी। पिछली सरकारों की अनदेखी के कारण यह परियोजना ठप पड़ी रही। चंदोलिया ने मांग दोहराई कि इस स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण जल्द शुरू हो और इसका नाम डॉ. साहिब सिंह वर्मा के नाम पर रखा जाए। उन्होंने बताया कि रेखा गुप्ता की सरकार इस दिशा में कदम उठाने वाली है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि दिल्ली के गांवों की सड़कों और यूईआई-2 जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जो लंबे समय से रुके हुए थे उन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि उनके जो सपने थे, उन्हें साकार करने का काम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी
