झूंसी महोत्सव का भव्य आगाज, मंत्री नन्दी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स.)। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और क्षेत्र की पहचान को मजबूत करते हैं। यह बात शनिवार को झूंसी महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कही।
उन्होंने लोगों से सांस्कृतिक विरासत को संजोने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया। शनिवार को झूंसी व्यापार मंडल द्वारा लाल चौक पर आयोजित झूंसी महोत्सव में बड़ी
संख्या में स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सर्वप्रथम गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद कानपुर से आए ग्रुप डांस ने युवाओं को खासा आकर्षित किया।
संगीतकार संजीव और दृष्टि के युगल गीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं अनुष्का की मधुर आवाज को भी खूब सराहा गया। रंगारंग कार्यक्रम में गंगापार एवं झूंसी क्षेत्र के हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। लोक नृत्य, फिल्मी नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों, साहित्यकारों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। झूंसी व्यापार मंडल के संरक्षक निशीथ वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अध्यक्ष सूरज सोनकर ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सफल बनाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
