लखनऊ, 07 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लखनऊ महानगर एवं कृष्णा देवी गर्ल्स पी.जी कॉलेज,लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को लखनऊ विश्विद्यालय के समाज कार्य विभाग के जे.के सभागार में पंच परिवर्तन: राष्ट्र पुनर्निर्माण की दिशा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संगोष्ठी में बोलते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत ने कहा पंच परिवर्तन उभरते भारत की चुनौतियों का समाधान करने में समर्थ है। उन्होंने कहा कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण, स्व का बोध व नागरिक कर्तव्य इस पंच परिवर्तन कार्यक्रम को सुचारू रूप से लागू कर समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।

क्षेत्रीय सह प्रचार प्रमुख ने कहा कि सामाजिक समरसता से ही राष्ट्र उन्नत होगा। समाज से ऊंच-नीच जाति भेद समाप्त करने होंगे। स्व के बोध से नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे। पर्यावरण से सृष्टि का संरक्षण होगा तथा कुटुम्ब प्रबोधन से परिवार बचेंगे और बच्चों में संस्कार बढ़ेंगे। समाज में बढ़ते एकल परिवार के चलन को रोक कर भारत की प्राचीन परिवार परंपरा को बढ़ावा देने की आज महती आवश्यकता है। भारत में हाल ही के समय में देश की संस्कृति की रक्षा करना, एक सबसे महत्वपूर्ण विषय के रूप में उभरा है।

संघ का मानना है कि प्रकृति की रक्षा करना हमारा सांस्कृतिक और देशभक्तिपूर्ण कर्तव्य है। नागरिक कर्तव्यों के पालन हेतु सामाजिक जागृति; ये सभी मुद्दे बड़े पैमाने पर समाज से संबंधित हैं। दूसरे, इन विषयों को व्यक्तियों, परिवारों और संघ की शाखाओं के आसपास के क्षेत्रों को संबोधित करने की आज सबसे अधिक आवश्यकता है। इसे व्यापक समाज तक ले जाने की आवश्यकता है। यह केवल चिंतन और अकादमिक बहस का विषय नहीं है, बल्कि कार्रवाई और व्यवहार का विषय है।
मुख्य वक्ता घनश्याम शाही ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जैसे छात्र संगठन इस विचार को केंद्र में रखकर ‘छात्र शक्ति’ को ‘राष्ट्र शक्ति’ में बदलने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम की प्रस्तावना एबीवीपी लखनऊ महानगर उपाध्यक्ष प्रो.सारिका दुबे ने रखी एवं आभार ज्ञापन मंत्री सक्षम वर्मा ने किया। मंच संचालन अभाविप अवध प्रांत एसएफडी के संयोजक शाश्वत अवस्थी ने किया। इस अवसर पर एबीवीपी के कार्यकर्ता व शोधार्थी राजाराम की लिखित पुस्तक राष्ट्र निर्माण में योग कर विमोचन भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
