सारण, 10 मार्च (हि.स.)। मत्स्य पालन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से जिला मत्स्य कार्यालय सारण द्वारा जिले के 30 चयनित मत्स्य प्रशिक्षणार्थियों का एक दल सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण हेतु कोलकाता के लिए रवाना हुआ।

यह प्रशिक्षण 11 मार्च से 17 मार्च 2026 तक केंद्रीय मात्स्यिकी शिक्षा संस्थान में आयोजित किया जाएगा। इस दल के साथ विभागीय पदाधिकारी के रूप में मत्स्य विकास पदाधिकारी राजू कुमार भी गए हैं, जो पूरे भ्रमण के दौरान किसानों का मार्गदर्शन करेंगे।
इस सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जिले के किसान मत्स्य पालन के क्षेत्र में हो रही अद्यतन प्रगति को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे और समझेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान मत्स्य पालक मछली उत्पादन की नई और वैज्ञानिक विधियां, मछलियों में होने वाली बीमारियां और उनके बचाव के तरीके, बायोफ्लॉक, मिश्रित मत्स्य पालन और परिपूरक आहार का सही प्रयोग, मत्स्य बीज हैचरी प्रबंधन का व्यावहारिक ज्ञान को देखें और समझेंगे। वहां के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को मछली उत्पादन में वृद्धि और गुणवत्ता सुधार के गुर सिखाए जाएंगे, जिससे वापस लौटकर ये किसान सारण जिले में मत्स्य क्रांति ला सकें।
प्रस्थान के अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रदीप कुमार के साथ-साथ सुमन कुमार उप मत्स्य निदेशक, सारण परिक्षेत्र, नरेंद्र कुमार और कुमारी आस्था मिश्रा मत्स्य विकास पदाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारियों ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनके सफल प्रशिक्षण की कामना की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
