




सारण, 25 जनवरी (हि.स.)। छपरा स्थानीय भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में जिला प्रशासन द्वारा ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शत-प्रतिशत जन-भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन और ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ हुआ। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर एक सराहनीय पहल करते हुए जिले के दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, लोकतंत्र की नई पीढ़ी यानी युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए नए एपिक कार्डों का वितरण किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभागार में उपस्थित अधिकारियों, युवाओं और नागरिकों को निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान विगत बिहार विधानसभा आम चुनाव, 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, मास्टर ट्रेनरों, बूथ लेवल ऑफिसर और निर्वाचन कार्यालय के कर्मियों को उनकी निष्ठा के लिए पुरस्कृत किया गया। मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से ‘मतदाता जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक प्रचार तंत्र से लैस यह रथ जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी मोहल्लों में भ्रमण कर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी देगा।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाधकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा की भावी मतदाताओं विशेष कर युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है निर्वाचन आयोग का लक्ष्य सुलभ और पारदर्शी चुनाव करना है जो केवल जागरूक मतदाताओं के सहयोग से ही संभव है।इस अवसर पर एसएसपी डॉ विनीत कुमार ने सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक नागरिक कर्तव्य भी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे निडर होकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर आयोजित क्विज, भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन ने सभी से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि दूसरों का नाम भी मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
