धनबाद, 23 फ़रवरी (हि.स.)। धनबाद नगर निगम चुनाव के अंतिम समय मे झरिया सिंह नगर स्थित वार्ड 35 के बूथ 8 में सिंह मेंशन और पृथ्वी मेंशन समर्थक आपस मे भिड़ गए। दोनों ओर के समर्थकों में जमकर लाठी-डंडा चला। देखते ही देखते मतदान केंद्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

उल्लेखनीय है कि पृथ्वी मेंशन से मेयर प्रत्याशी इंदु सिंह हैंं जबकि सिंह मेंशन से पूर्व विधायक संजीव सिंह मैदान में हैं।

घटना में सिंह मेंशन के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। मारपीट में घायल रोहित कुमार से मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह ने मिलकर सुरक्षा का आश्वासन दिया और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई को लेकर आलाधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया।
घटना की सूचना पर संजीव सिंह, इंदु सिंह की बहू आसानी सिंह, बेटी संध्या सिंह अपने घायल समर्थकों का हाल लेने मौके पर पहुंचे। दोनों पक्ष एक दूसरे पर एफआईआर करने की बात कह रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर पृथ्वी मेंशन समर्थक से भी आधा दर्जन लोग हुए घायल हुए हैं। इनका इलाज झरिया के प्रसाद नर्सिंग होम में चल रहा है।
वहीं, अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट देने पर विरोधी प्रत्याशी के समर्थकों की ओर से हुई मारपीट में घायल युवक रोहित कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने चहेते प्रत्याशी को वोट दिया, जिसके कारण कई लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
वहीं, मेयर प्रत्याशी इंदु सिंह की बेटी संध्या सिंह ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। इसी दौरान लाठी-डंडा, तलवार लेकर लोग पहुंच गए और सभी के साथ मारपीट करने लगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
