उज्जैन, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ से जुड़े निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक श्रमिक की मौत के बाद शनिवार सुबह परिजनों और समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। चरक अस्पताल के सामने आक्रोशित लोगों ने आगर रोड पर चक्काजाम कर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

मृतक की पहचान राकेश सूर्यवंशी (42) पुत्र रामचंद्र सूर्यवंशी, निवासी ग्राम खड़ोतिया के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम कोयला फाटक से निजातपुरा मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान वे इलेक्ट्रिक से संबंधित काम कर रहे थे। इसी दौरान पाइप की मरम्मत करते समय ग्राइंडर मशीन चलाते हुए वे करंट की चपेट में आ गए। साथी मजदूर उन्हें तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के पीएम रूम में रखवा दिया गया।
परिजनों और संगठनों ने किया चक्काजाम
शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन, सूर्यवंशी समाज के लोग, शिवसेना और भीम आर्मी के पदाधिकारी चरक अस्पताल के सामने एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने आगर रोड पर चक्काजाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और पीएम रूम परिसर के बाहर हंगामा चलता रहा। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और उसके बेटे को नगर निगम में आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी देने की मांग की।
परिवार ने सूचना देर से मिलने का आरोप लगाया
मृतक के बेटे अभिषेक सूर्यवंशी ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर काम करता है। घटना की जानकारी उसे एक मित्र के फोन से मिली। जब वह अस्पताल पहुंचा तो उसके पिता का शव पोस्टमार्टम रूम में रखा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की सूचना समय पर नहीं दी गई।
प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन
मामले में एसडीएम ने बताया कि परिजनों की मांगों को सुना गया है और थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मिलने वाली राहत राशि पीड़ित परिवार को दिलाई जाएगी। प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
