भागलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में घोघा थाना क्षेत्र से मिली सिरकटी लाश मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस कांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि बीते 6 मार्च की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र में एक व्यक्ति का बिना सिर का शव पड़ा है। जिसे कई टुकड़ों में काटा गया है। सूचना के आधार पर घोघा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कहलगांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रारंभिक जांच के आधार पर इस कांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हत्या में इस्तेमाल दो दबिया, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नाजिर के रूप में हुई है जो महेंद्र मंडल के होटल में काम करता था। किसी विवाद के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। लेकिन वह दोबारा काम करना चाहता था। इसी बात को लेकर होटल पर दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि महेंद्र मंडल उसके बेटे और साथियों ने मिलकर होटल में ही नाजिर की हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल से दियारा क्षेत्र स्थित एक पोखर के पास ले जाकर कई टुकड़ों में काट दिया और सिर को पोखर में छिपा दिया ताकि पहचान न हो सके। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
