नाहन, 03 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम गश्त के दौरान बांगरन चौक के पास मौजूद थी, तभी विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि लक्ष्य नेगी पुत्र नरेश निवासी गांव गोजर अडैन, डाकघर खोदरी, तहसील पांवटा साहिब तथा यश पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव डोण्डली, डाकघर खोदरी, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, वाहन संख्या CH04C-7097 में अवैध नशे का कारोबार कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से 1.258 किलोग्राम चरस बरामद की। इस संबंध में पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है, ताकि मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों और संभावित रैकेट का भी पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
