सिरसा, 06 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने सिरसा के नागरिक अस्पताल में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला करने वाले पांच आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। शहर थाना प्रभारी ने शुक्रवार शाम को बताया कि गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी सुशील, अनिल, केशव, भिवानी निवासी सन्नी तथा बड़ागुढ़ा निवासी गोविंद के रूप में हुई है।

शहर थाना प्रभारी ने बताया कि सिरसा की हरि विष्णु कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवकों से पालतू कुत्ते को लेकर उनका विवाद हो गया था। आरोपियों ने राजेश कुमार के भाई के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सिरसा के नागरिक अस्पताल भर्ती कराया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब परिवार के सदस्य अस्पताल में घायल से मिलने पहुंचे तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने शिकायतकर्ता राजेश कुमार की पत्नी व भाई पर जान से मारने की नीयत से तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में उसके भाई के सिर पर गंभीर चोटें आई, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
