सिरसा, 07 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले के डबवाली शहर में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतका सुमन पति विक्रम के साथ किराए के मकान में रहती थी। सुमन का एक बेटा भी है। शुक्रवार रात विक्रम घर आया और बेटे को सौ रुपये देकर कहा कि अपने लिए कोई खाने की चीज ले आ। जब वह घर लौटा तो उसकी मां खून से लथपथ पड़ी थी और विक्रम घर से गायब था। बेटा मकान मालिक कृष्ण कुमार को लेकर मौके पर आया तो सुमन की लाश आंगन में पड़ी थी। उसने आस पड़ोस के साथ पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
