सिलीगुड़ी, 25 जनवरी (हि.स)। सिलीगुड़ी कॉलेज की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सिलीगुड़ी कॉलेज और सिलीगुड़ी मैराथन कमिटी के संयुक्त प्रयास से रविवार को राष्ट्रीय स्तर की “हाफ मैराथन” का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल इन तीनों के समन्वय को केंद्र में रखकर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव उपस्थित रहे। उनके साथ सिलीगुड़ी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुजीत घोष, कॉलेज प्रशासन के सदस्य, सिलीगुड़ी मैराथन कमिटी के प्रतिनिधि एवं अन्य विशिष्ट अतिथिगण भी मौजूद थे। इस राष्ट्रीय स्तर की हाफ मैराथन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सिलीगुड़ी कॉलेज के 75 वर्षों के गौरवशाली इतिहास के साथ इस तरह के राष्ट्रीय खेल आयोजन का जुड़ना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
उत्सवपूर्ण माहौल में मैराथन की शुरुआत हुई, वहीं प्रतिभागियों की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। आयोजकों का मानना है कि इस आयोजन ने सिलीगुड़ी कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह को एक नई और प्रेरणादायक पहचान दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
