सिवनी, 02 फरवरी(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बरघाट परियोजना मण्डल सिवनी अंतर्गत पांडिया छपारा परियोजना परिक्षेत्र के पंड्रापानी बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 736 बी में सागौन की अवैध कटाई का मामला उजागर हुआ है। इस मामले में वन विभाग ने तीन आरोपित को गिरफ्तार किया है।

बरघाट परियोजना मण्डल के संमामीय प्रबंधक रामकिशन सोलंकी ने बताया कि सोमवार को नियमित गश्ती के दौरान पांडिया छपारा परियोजना परिक्षेत्र के पंड्रापानी बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 736 बी में प्रातः लगभग 6.55 बजे परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन अमले द्वारा गश्ती के दौरान तीन व्यक्ति सागौन के विनिर्दिष्ट वृक्षों को काटकर अवैध रूप से 15 नग सागौन लट्ठे तैयार करते हुए पाए गए। मौके से आरोपितों जितेन्द्र पुत्र गुरुदयाल राहंगडाले, बसंत पुत्र प्रहलाद उइके एवं श्यामसिंह पुत्र सदासिंह इनवाती, तीनों निवासी ग्राम लालपुर, थाना बरघाट, जिला सिवनी को गिरफ्तार किया गया। वन अमले द्वारा आरोपितों के कब्जे से 1.674 घन मीटर सागौन लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत 92,076 रूपये है, तथा एक मोटर सायकल एच.एफ. डीलक्स (क्रमांक एमपी 22 एमएफ 6503) जब्त की गई। वन विभाग द्वारा आरोपितों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण क्रमांक 423/29, दिनांक 02 फरवरी 2026 को पंजीबद्ध किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया
