जम्मू, 12 मार्च (हि.स.)। सीआरपीएफ के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर 126वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा रियासी के बिड्डा क्षेत्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडेंट मनोज वर्मा के निर्देशन में आयोजित हुआ जिसमें उपायुक्त रियासी कुमार अभिषेक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रियासी परमवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन जीएमसी जम्मू के ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की मेडिकल टीम के सहयोग से किया गया। टीम में डॉ. रश्मि (सीनियर रेजिडेंट) और डॉ. हमजा सहित अन्य चिकित्सक शामिल थे जबकि जिला अस्पताल रियासी के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. गोपाल दत्त ने शिविर के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कई अधिकारियों और जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस पहल का उद्देश्य रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। उपायुक्त रियासी कुमार अभिषेक ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक जीवन रक्षक कार्य है और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस तरह के अभियान से जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर कमांडेंट मनोज वर्मा, संतोष कुमार (2आईसी), मंजिमा कुरियाकोस (2आईसी) और धर्मेंदु आर्या (डी/सी) ने कहा कि सीआरपीएफ सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से भी स्थानीय लोगों की सहायता के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस क्षेत्र में जरूरत के समय लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
