कोलकाता, 03 अप्रैल (हि. स.)। कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के बाहर कई दिनों तक चले तनाव और प्रदर्शन के मामले में शुक्रवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के तृणमूल कांग्रेस के दो पार्षदों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

समन पाने वाले पार्षदों में उत्तर कोलकाता के वार्ड संख्या 32 से शांति रंजन कुंडू और वार्ड संख्या 36 से सचिन कुमार सिंह शामिल हैं।
दोनों पार्षदों को हेयर स्ट्रीट थाना में उपस्थित होने को कहा गया है, जिसके अधिकार क्षेत्र में सीईओ का कार्यालय आता है।
बताया गया है कि हाल ही में शीर्ष नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के साथ एक आभासी बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोलकाता के नवनियुक्त पुलिस आयुक्त अजय नंद को सीईओ कार्यालय के सामने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की घटनाओं, विशेषकर प्रदर्शन को लेकर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को समय पर नहीं हटाने को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने पुलिस आयुक्त की नाराजगी भी जताई थी।
इसी बीच, कोलकाता पुलिस ने एक अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के काफिले के पास उत्पन्न तनाव के मामले में भी दो उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इन अधिकारियों में दक्षिण डिवीजन के उपायुक्त-2 सिद्धार्थ दत्ता और रिजर्व फोर्स के उपायुक्त-2 मानस रॉय शामिल हैं।
बताया गया है कि आभासी बैठक के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस घटनाक्रम पर असंतोष जताते हुए यह भी सवाल किया कि तनाव को रोकने के लिए पुलिस पहले से सक्रिय क्यों नहीं थी।
दक्षिण कोलकाता के दो थानों में दर्ज तीन अलग-अलग शिकायतों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में दो प्राथमिकी भी दर्ज की हैं।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
