नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को रोहिणी सेक्टर-8 स्थित सीएम श्री स्कूल में आयोजित ज़ोनल एनईईईवी (न्यू एरा ऑफ एंटरप्रेन्योरियल इकोसिस्टम एंड विजन) टीम चयन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके नवाचार, नेतृत्व और उद्यमशील विचारों को प्रोत्साहित किया।

मेगा एनईईईवी कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नवाचार-आधारित सोच विकसित करना, उन्हें वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करना तथा उद्यमिता को एक संभावित करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि विद्यालयों को प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व के केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि एनईईईवी जैसे कार्यक्रम छात्रों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों को समझने, समाधान खोजने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि टीम चयन की यह प्रक्रिया छात्रों में टीमवर्क, निर्णय क्षमता, समस्या-समाधान और नेतृत्व जैसे गुणों को सुदृढ़ करती है, जो आगे चलकर उन्हें सफल उद्यमी और जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने चयनित टीमों के साथ-साथ सभी प्रतिभागी छात्रों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि एनईईईवी दिल्ली सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसे शिक्षा को जीवन से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से कक्षा 8 से 12 तक के छात्रों को उद्यमिता, नवाचार, वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता, आलोचनात्मक सोच और प्रभावी संचार जैसे 21वीं सदी के आवश्यक कौशल प्रदान किए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
