नई दिल्ली, 02 फ़रवरी (हि.स.)। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 के लिए एथलेटिक्स स्पर्धाओं के क्वालिफाइंग मानक और चयन मापदंडों की घोषणा कर दी है। 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होंगे।

बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत ने कुल 61 पदक जीते थे, जिनमें से एथलेटिक्स से आठ पदक (एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य) आए थे। एएफआई ने इस बार कड़ा चयन मानक तय किया है, जिससे केवल शीर्ष प्रदर्शन करने वाले एथलीट्स ही भारतीय टीम में जगह बना सकें।
जारी मानकों के अनुसार, महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में क्वालिफाई करने के लिए दुती चंद के नाम राष्ट्रीय रिकॉर्ड 11.17 सेकंड (इंडियन ग्रां प्री IV, पटियाला 2021) की बराबरी करना अनिवार्य होगा। इसी तरह महिलाओं की हाई जंप में सहाना कुमारी के 1.92 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड (नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप 2012, हैदराबाद) तक पहुंचना जरूरी होगा।
इसके अलावा पुरुषों की 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर, महिलाओं की 800 मीटर, 5000 मीटर, 10000 मीटर, 100 मीटर व 400 मीटर बाधा दौड़, लंबी कूद, ट्रिपल जंप, पोल वॉल्ट, हैमर थ्रो, मैराथन सहित कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों को चयन के लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ना या उसके समकक्ष प्रदर्शन करना होगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालिफाइंग मानक
100 मीटर: पुरुष – 10.16 सेकंड, महिला – 11.17 सेकंड
200 मीटर: पुरुष – 20.61 सेकंड, महिला – 23.06 सेकंड
400 मीटर: पुरुष – 44.96 सेकंड, महिला – 51.36 सेकंड
800 मीटर: पुरुष – 1:45.00 मिनट, महिला – 1:57.88 मिनट
1500 मीटर: पुरुष – 3:30.82 मिनट, महिला – 4:05.09 मिनट
5000 मीटर: पुरुष – 13:19.64 मिनट, महिला – 14:56.60 मिनट
10000 मीटर: पुरुष – 27:39.03 मिनट, महिला – 31:14.14 मिनट
3000 मीटर स्टीपलचेज: पुरुष – 8:30.26 मिनट, महिला – 9:27.41 मिनट
110 मीटर बाधा दौड़: पुरुष – 13.39 सेकंड
100 मीटर बाधा दौड़: महिला – 12.67 सेकंड
400 मीटर बाधा दौड़: पुरुष – 50.27 सेकंड, महिला – 54.67 सेकंड
हाई जंप: पुरुष – 2.22 मीटर, महिला – 1.92 मीटर
लॉन्ग जंप: पुरुष – 8.05 मीटर, महिला – 6.84 मीटर
ट्रिपल जंप: पुरुष – 16.89 मीटर, महिला – 14.25 मीटर
पोल वॉल्ट: पुरुष – 5.25 मीटर, महिला – 4.45 मीटर
शॉट पुट: पुरुष – 20.36 मीटर, महिला – 17.62 मीटर
डिस्कस थ्रो: पुरुष – 64.56 मीटर, महिला – 56.85 मीटर
हैमर थ्रो: पुरुष – 73.09 मीटर, महिला – 66.80 मीटर
जैवलिन थ्रो: पुरुष – 82.61 मीटर, महिला – 59.79 मीटर
रेस वॉक: पुरुष – 39:06.28 मिनट, महिला – 44:44.58 मिनट
डेकेथलॉन/हेप्टाथलॉन: पुरुष – 7787 अंक, महिला – 6095 अंक
मैराथन: पुरुष – 2:13:23 घंटे, महिला – 2:30:51 घंटे
4×100 मीटर रिले: पुरुष – 40.17 सेकंड, महिला – 43.86 सेकंड
4×400 मीटर मिक्स्ड रिले: 3:16.00 मिनट
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
